टोक्यो ओलिंपिक के लिए भारतीय निशानेबाज़ों ने अब तक रिकॉर्ड 15 कोटे हासिल कर लिए हैँ। दोहा में 14वीं एशियाई निशानेबाज़ी चैंपियनशिप में अंगद वीर सिंह बाजवा ने पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, इसी स्पर्धा का रजत पदक मेराज अहमद के नाम रहा।
इस तरह अंगद और मेराज ने पहले और दूसरे स्थान पर रहते हुए देश के लिए दो और ओलिंपिक कोटे हासिल किये। दोनों खिलाड़ी 56 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर थे जिसके बाद विजेता का फैसला शूट ऑफ से हुआ।
अंगद ने शूटऑफ में मेराज को 6-5 से मात दी। ओलिंपिक कोटा के मामले में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। लंदन ओलिंपिक 2012 में भारत के 11 निशानेबाज़ों ने हिस्सा लिया था जबकि रियो ओलिंपिक 2016 में 12 भारतीय निशानेबाज़ उतरे थे।