हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी होने से समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जम्मू-कश्मीर में पिछले 10 दिनों से शीत लहर का प्रकोप जारी है। समूची घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि घाटी में अगले शुक्रवार तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और वर्षा हुई है। राज्य में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया। केलोंग राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरे की वजह से यातायात पर असर पड़ा है।
पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में भी हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। दोनों राज्यों के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, भठिंडा, हिसार, करनाल और सिरसा जैसे स्थानों में घना कोहरा छाया रहा।