दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के शनिवार को वोट डाले गए। मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा है। दिल्ली में 57 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी के एक करोड़ 40 लाख से अधिक मतदाताओं की सुविधा के लिए दिल्ली में 13 हजार से अधिक पोलिंग बूथ बनाए गए थे। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू हुआ और शाम छह बजे तक हुआ।
विधानसभा की 70 सीटों के लिए कुल छह सौ 72 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। सबसे अधिक 28 उम्मीदवार नई दिल्ली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र थे जबकि पटेलनगर सीट से सबसे कम चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
दिल्ली पुलिस ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के लिए 42 हजार पुलिसकर्मियों, अर्द्धसैनिक बलों की एक सौ 90 कंपनियां और 19 हजार होमगार्ड जवानों को तैनात किया थे। वोटों की गिनती मंगलवार को होगी।